ऑनलाइन हो सकती हैं गुरुग्राम विश्वविद्यालय की परीक्षाएं
महामारी के दौर में शिक्षा व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। कोरोना की पहली
लहर ने देश को पहली बार परीक्षा आयोजित करने के विभिन्न तरीकों पर सोचने पर मजबूर
कर दिया। स्थिति भी इस प्रकार है कि सरकार और विश्वविद्यालय के तमाम दावों और
तैयारी के बाबजूद ऑफलाइन परीक्षा कराना आसान नही है। ओड सेमेस्टर की परीक्षाएं
जोकि मार्च-अप्रैल में तय थीं, उसे भी छात्रों के भारी विरोध के कारण ऑनलाइन ओपन
बुक तरीके से कराना पड़ा। अब पिछले तीन महीने से लॉकडाउन के कारण सभी विश्वविद्यालय
और महाविद्यालय बंद हैं और कक्षाएं ऑनलाइन ही लगाई जा रही हैं। अब जबकि दूसरी लहर
कमजोर पड़ रही है ऐसे में विश्वविद्यालयों ने इवन सेमेस्टर के लिए परीक्षाओं की
तैयारी भी शुरू कर दी है। अगर बात करें शहर के गुरुग्राम विश्वविद्यालय की तो इवन
सेमेस्टर की परीक्षाएं अगस्त में निर्धारित की गयी हैं। अभी परीक्षाओं में एक माह
का समय शेष है ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि परीक्षाएं ऑनलाइन आयोजित होंगी या
ऑफलाइन।
अगर शिड्यूल की बात करें तो एग्जाम फॉर्म भरने का एलान गुरुग्राम
विश्वविद्यालय ने कर दिया है। दुसरे, चौथे और छठे सेमेस्टर की री अपीयर परीक्षाओं
के फॉर्म 21 जून से ऑनलाइन भरे जायेंगे। अगर विद्यार्थी को री अपीयर फॉर्म भरने में
कोई दिक्कत आती है तो वह नोडल ऑफिसर से सम्पर्क कर सकता है। ऑनलाइन फॉर्म भरने की
अंतिम तिथि पांच जुलाई है। हालाँकि इसके बाद भी 14 जुलाई तक लेट फीस के साथ
विद्यार्थी फॉर्म भर सकते हैं।
वर्तमान में विश्वविद्यालय की तरफ से परीक्षाओं के स्वरूप पर कोई अधिकारिक
नोटिस जारी नही हुआ है लेकिन सम्बन्धित कॉलेजों को तैयारी करने के निर्देश दिए
हैं। सूत्रों के मुताबिक कॉलेजों से कंप्यूटर व अन्य उपकरणों की जानकारी मांगी जा
रही है जो दर्शाता है कि विश्वविद्यालय ऑनलाइन परीक्षा का निर्णय ले सकता है।
ऑनलाइन परीक्षा होने के पीछे मजबूत कारण यह भी हो सकता है कि इवन सेमेस्टर की
कक्षाएं पूरी तरह ऑनलाइन ही हुई हैं। ऐसे में छात्र ऑनलाइन क्लासों में नही जुड़
पाने, समझ न आने और सिलेबस पूरा न होने के मुद्दे उठाते रहते हैं। मार्च में हुई
ओड सेमेस्टर की परीक्षाओं के समय भी छात्रों का प्रदर्शन ऑनलाइन परीक्षा की मांग
को लेकर हुआ था। तब महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय द्वारा ऑफलाइन परीक्षा लेने के
बाबजूद गुरुग्राम विश्वविद्यालय ने ओपन बुक परीक्षाओं का आयोजन किया था। तब इस
फैसले का छात्रों ने स्वागत किया था तो वहीं आलोचना भी कई लोगों द्वारा की गयी थी।
यह भी ध्यान रखने वाली बात है कि ओड सेमेस्टर की कुछ सप्ताह तक ऑफलाइन कक्षाएं लगी
थी बाबजूद इसके विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की मांग मान ली थी।
![]() |
| एबीवीपी के बैनर तले ऑनलाइन परीक्षा के लिए प्रदर्शन करते छात्र |
इस बार जबकि ऑफलाइन कक्षाएं एक भी नही लगी है ऐसे में ऑनलाइन परीक्षा कराने
का मजबूत कारण है। गुरुग्राम के कॉलेजों में दुसरे और चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं
गुरुग्राम विश्वविद्यालय आयोजित कराएगा जबकि अंतिम वर्ष की परीक्षाएं महर्षि
दयानंद विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित की जाएँगी। एमडीयू रोहतक द्वारा अब पीजी और
यूजी की बाकि बची परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। अगस्त में इवन सेमेस्टर की
परीक्षाएं कराई जाएँगी।
अभी कॉलेज प्राचार्य कुछ भी स्पष्ट रूप से नही कह रहे हैं। ऑनलाइन या
ऑफलाइन परीक्षा का निर्णय अवश्य ही सभी पहलुओं को देखकर ही लिया जायेगा। हालाँकि
विश्वविद्यालय ने छात्रों से परीक्षा की तैयारी करते रहने की बात कही है।


0 टिप्पणियाँ